बेतिया जीएमसीएच में फिर बवाल, इंटर्न डॉक्टरों पर युवक की पिटाई का आरोप, सुरक्षा पर उठे सवाल

Posted by

बेतिया। 

बेतिया का गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल जीएमसीएच, जो इलाज और मानवता का केंद्र माना जाता है, लगातार मारपीट की घटनाओं को लेकर सवालों के घेरे में है। बीते तीन दिनों में यह दूसरी घटना है, जब अस्पताल परिसर में इंटर्न चिकित्सकों पर मारपीट का गंभीर आरोप लगा है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार शाम नगर के बस स्टैंड निवासी युवक संदेश मिश्र जीएमसीएच में किसी से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल की सीढ़ियों पर कुछ इंटर्न डॉक्टर सिगरेट पी रहे थे। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इंटर्न चिकित्सकों ने संदेश मिश्र की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची नगर पुलिस ने युवक को इलाज के बाद थाने ले जाकर मामले की जांच शुरू की।
वहीं, इंटर्न चिकित्सकों का कहना है कि युवक अपने साथियों के साथ आया था और वीडियो बना रहा था। इसका विरोध करने पर विवाद हुआ। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, मारपीट के बाद कुछ इंटर्न चिकित्सकों ने खुद को घायल दिखाते हुए अस्पताल में भर्ती भी कराया। घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। अधीक्षक और उपाधीक्षक मामले पर प्रतिक्रिया देने से बचते नजर आए। नगर थानाध्यक्ष ने मारपीट की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही घटनाओं ने जीएमसीएच की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि जांच के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।

See also  Bihar news : करंट से बाघ की मौत मामले में होगी कार्रवाई, खेत मालिक और गन्ना क्रशर संचालक पर गिरेगी गाज
Advertisement Advertisement Advertisement

Categories