,

Bihar news : जदयू में शामिल हुए ई. निशांत कुमार, बोले – पिता के मार्गदर्शन में करेंगे जनहित का कार्य

Posted by

–

यस बिहार | पटना 

बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के सुपुत्र ई. निशांत कुमार ने रविवार को जनता दल (यू) की सदस्यता ग्रहण कर सक्रिय राजनीति में औपचारिक कदम रखा। पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने उन्हें सदस्यता पर्ची देकर पार्टी में शामिल कराया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, बिजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, लेसी सिंह, जमा खां, सुनील कुमार, मदन सहनी, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ तथा मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे।

See also  Bihar news : पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में विधानसभा पोर्टिको में कांग्रेस का प्रदर्शन, अभिषेक रंजन की टी-शर्ट बनी सियासी संदेश का प्रतीक

ई. निशांत कुमार के जदयू में शामिल होने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया। प्रदेश कार्यालय परिसर में ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

इस अवसर पर ई. निशांत कुमार ने कहा कि उन्हें अपने पिता के कार्यों पर गर्व है और वे उनके मार्गदर्शन में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले करीब दो दशकों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिन पर पूरे बिहार को गर्व है। उन्होंने यह भी कहा कि वे सरकार और पार्टी की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर काम करेंगे।

See also  Bihar news : मोबाइल चोरी कर बैंक खातों से निकाले तीन लाख रुपये, आरोपी गिरफ्तार

वहीं प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने इसे पार्टी के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि भले ही निशांत कुमार आज औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल हुए हैं, लेकिन जदयू की विचारधारा और संस्कार उनके व्यक्तित्व में पहले से ही दिखाई देते हैं। उन्होंने निशांत कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

See also  Bihar news : मां बीमार थी कहकर वोटिंग से रहे दूर, अब समर्थक मांग रहे भाजपा सरकार में राजद विधायक का मंत्री पद

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सह झारखंड प्रदेश अध्यक्ष खिरू महतो, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, सुनील कुमार, श्याम रजक, दुलालचंद गोस्वामी, महेश्वर हजारी, शीला मंडल, चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी सहित कई सांसद, विधायक, विधान पार्षद, वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Advertisement Advertisement Advertisement