
—– ठनका गिरने से 33 हजार वोल्ट लाइन के इंसुलेटर में आई खराबी, दो दिन बाद भी फॉल्ट नहीं ढूंढ सका विभाग, फिडर के मोबाइल भी बंद
यस बिहार | मैनाटाड़
रामपुर फिडर से संचालित होने वाले रामपुर, धुमाटाड़, इनरवा, सकरौल, भंगहा, खम्हियां, नगरदेही समेत दर्जनों गांवों में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। लगातार दो दिनों से बिजली नहीं रहने के कारण हजारों लोग उमस भरी गर्मी और अंधेरे में रहने को विवश हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ रहा है, वहीं बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की परेशानी और बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार ठनका गिरने से 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के इंसुलेटर में खराबी आ गई थी। विभाग की टीम दो दिनों से फॉल्ट खोजने में लगी होने का दावा कर रही है, लेकिन अब तक खराबी का पता नहीं चल सका है। इससे बिजली विभाग की कार्यशैली और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बिजली नहीं रहने से मोबाइल, इनवर्टर, पानी की मोटर सहित अन्य विद्युत उपकरण पूरी तरह बंद पड़े हैं। मोबाइल चार्ज नहीं होने से लोगों का एक-दूसरे से संपर्क भी टूट गया है। कई जगह पेयजल संकट की स्थिति भी बनने लगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत करने के लिए बिजली विभाग द्वारा जारी सरकारी मोबाइल नंबर 6287742617 समेत कई कर्मियों के मोबाइल फोन लगातार बंद मिल रहे हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं की शिकायत सुनने वाला कोई नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के अधिकारी न तो क्षेत्र में पहुंच रहे हैं और न ही बिजली बहाल होने का कोई निश्चित समय बता रहे हैं। ग्रामीण अनिल कुमार, रवि गिरी, संदीप यादव, कृष्णा यादव, शंभू कुमार, फरहाद हुसैन, सरफराज आलम, अतिरसूल अंसारी, रमेश गिरी समेत अन्य लोगों ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है।
दो दिनों से भीषण गर्मी और अंधेरे में लोग परेशान हैं, लेकिन विभाग के अधिकारी समस्या के समाधान के बजाय उदासीन बने हुए हैं। कई बार फोन करने के बावजूद किसी का मोबाइल नहीं उठता, बल्कि अधिकतर नंबर बंद मिलते हैं। यदि समय रहते खराबी दूर करने का प्रयास किया जाता तो लोगों को इतनी परेशानी नहीं झेलनी पड़ती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो ग्रामीण बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर अविलंब बिजली आपूर्ति बहाल कराने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।वही जेई देव ऋषि को भी फोन करने पर उनके द्वारा फोन रिसीव नही किया गया। जिससे उनकी प्रतिक्रिया नही ली जा सकी।





