चनपटिया में बुजुर्ग से 51 हजार की ठगी, तीन शातिरों ने बातों में उलझाकर बदली नोटों की गड्डी

Posted by

चनपटिया थाना क्षेत्र के पुरैना निवासी बुजुर्ग शेख हसन से ठगों ने 51 हजार रुपये की ठगी कर ली। शेख हसन सेंट्रल बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे एफसीआई गोदाम के पास रेलवे फाटक के समीप पहुंचे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया। आरोपी ने उनसे किसी मौलवी के बारे में पूछताछ शुरू की और अपनी बेटी की तबीयत खराब होने का हवाला देकर मदद की बात कही। शेख हसन अभी उसकी बात का जवाब दे ही रहे थे कि तभी दो और युवक मौके पर पहुंच गए। तीनों ने मिलकर उन्हें बातों में उलझाया और 51 हजार रुपये अपने कब्जे में ले लिए। बदले में उन्होंने नोट जैसी दिखने वाली एक गड्डी थमा दी और तेजी से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि शेख हसन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी मौके से निकल चुके थे। बाद में जब उन्होंने गड्डी खोलकर देखी तो ठगी का पता चला। इसके बाद पीड़ित ने चनपटिया थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में प्रभाकर पाठक, थानाध्यक्ष, चनपटिया ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लोगों की बातों में न आएं, खासकर बैंक से नकद निकासी के बाद सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना नजदीकी थाने को दें।

See also  रील की सनक में बुझ गए दो घरों के चिराग, लाइक्स और फॉलोअर्स की चाह में मौत से टकराए सपने
Advertisement Advertisement Advertisement

Categories