,

Bihar news : दो घंटे में बेतिया पुलिस ने ढूंढ निकाले लापता दो मासूम, परिजनों में लौटी खुशी

Posted by

यस बिहार | नरकटियागंज

शिकारपुर थाना क्षेत्र से लापता हुए दो मासूम बच्चों को बेतिया पुलिस ने महज दो घंटे के अंदर बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने राहत की सांस ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम आजूआ स्थित इकबाल खान के चिमनी भट्ठा पर कार्यरत भोला धांगर का 10 वर्षीय पुत्र गुन्ना कुमार और संजय धांगर का 8 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार 25 फरवरी को करीब 3 बजे बिना बताए कहीं चले गए थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब दोनों बच्चों का पता नहीं चला, तो परिजनों ने 26 फरवरी की सुबह शिकारपुर थाना में लिखित सूचना दी। परिजनों के आवेदन के आधार पर शिकारपुर थाना कांड संख्या 242/26 के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बेतिया के निर्देश पर नरकटियागंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर दोनों बच्चों को लौरिया क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। बरामद बच्चों की पहचान गुन्ना कुमार (10 वर्ष) और शिवम कुमार (8 वर्ष), दोनों निवासी भैंसा लोटन, थाना वाल्मीकिनगर, जिला बगहा के रूप में हुई है। बेतिया पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बच्चों की गुमशुदगी या किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही सोशल मीडिया पर बच्चों के अपहरण या गुमशुदगी से संबंधित भ्रामक और अपुष्ट सूचनाएं साझा करने से बचें, ताकि समाज में अनावश्यक भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस ने अभिभावकों से भी अनुरोध किया है कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजकर शिक्षा के प्रति जागरूक बनाएं। बेतिया पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि वह अपराध नियंत्रण और विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर है।

See also  Bihar news : पटना में “आशा दीप पुनर्वास संस्थान” का शैक्षणिक भ्रमण, मनोविज्ञान के छात्रों को मिला व्यावहारिक अनुभव
Advertisement Advertisement Advertisement