,

Bihar news : फर्जी नंबर प्लेट का खेल! दूसरे की बाइक चला रहा कोई और, चालान भर रहे असली मालिक — प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

Posted by

–

यस बिहार | मैनाटाड़

पश्चिम चंपारण जिले में परिवहन विभाग की लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल के नंबर का कथित तौर पर किसी अन्य बाइक पर इस्तेमाल किया जा रहा है। इस गंभीर गड़बड़ी के कारण असली वाहन मालिक को बिना किसी गलती के बार-बार चालान का सामना करना पड़ रहा है। मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के भेड़िहरवा गांव निवासी लक्ष्मण पंडित ने मैनाटाड़ थाना और जिला परिवहन पदाधिकारी को दिए आवेदन में बताया है कि उनकी मोटरसाइकिल HONDA Dream Yuga (रजिस्ट्रेशन नंबर BR22AJ-8106) उनके नाम से पंजीकृत है। लेकिन इसी नंबर का उपयोग कथित तौर पर एक Hero Splendor बाइक पर किया जा रहा है, जो पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा क्षेत्र में चल रही है। पीड़ित का आरोप है कि बिना हेलमेट वाहन चलाने के आरोप में परिवहन विभाग द्वारा जो चालान जारी किया गया, उसका मैसेज उनके मोबाइल नंबर पर आया, जबकि उस समय उनकी बाइक कहीं और थी। जब उन्होंने वाहन की जानकारी ऑनलाइन सर्च की, तो संबंधित लोकेशन रामगढ़वा, पूर्वी चंपारण दिखी, जिससे उन्हें फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल का संदेह हुआ। लक्ष्मण पंडित का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत जिला परिवहन पदाधिकारी को लिखित रूप में दी है और स्पष्ट किया है कि उनके वाहन नंबर का दुरुपयोग किया जा रहा है। इसके बावजूद अब तक न तो संबंधित फर्जी वाहन को जब्त किया गया और न ही दोषियों पर कोई कार्रवाई हुई है। इस मामले ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि किसी व्यक्ति के वाहन नंबर का खुलेआम दुरुपयोग हो रहा है और प्रशासन समय रहते कार्रवाई नहीं करता, तो इससे आम लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।

See also  Bihar news : सीएम के राज्यसभा जाने से मैनाटाड़ में भावुक हुये जदयू कार्यकर्ता

पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी वाहन और उसके चालक की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में उनके नाम पर किसी भी तरह का चालान या कानूनी परेशानी न हो।

See also  Bihar news : मैनाटाड़ सीएचसी में आठ दिनों से खत्म है रैबीज की सुई, मरीजों की जान खतरे मे
Advertisement Advertisement Advertisement