,

Bihar news : बेतिया में दहशत की दोपहर, बाघ के हमले में युवक घायल, तीन भैंसें भी जख्मी

Posted by

–

अजमेर आलम | गौनाहा

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटे गौनाहा प्रखंड के धनौजी पंचायत अंतर्गत शेरवा मंडीहा गांव में सोमवार की दोपहर अचानक दहशत पसर गई, जब खेत-खलिहान की ओर गए एक युवक पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में शेरवा मंडीहा निवासी स्वर्गीय साहेब यादव के पुत्र उपेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के अनुसार बाघ ने युवक की कमर और पेट पर गहरा वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो बाघ झाड़ियों की ओर भाग गया।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए घायल युवक को टेम्पू से करीब साढ़े बारह बजे गौनाहा रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. सचिन कुमार ने तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सक ने बताया कि गहरे जख्म पर टांके लगाए गए हैं और फिलहाल युवक खतरे से बाहर है, हालांकि निगरानी जारी है। हमले के दौरान बाघ ने गांव की तीन भैंसों को भी घायल कर दिया, जिससे पशुपालकों की चिंता और बढ़ गई है। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। लोग घरों से निकलने में भी हिचक रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल बाघ को पकड़ने, इलाके में गश्त बढ़ाने और मुआवजा देने की मांग की है। मुखिया प्रदीप पंजियार ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की है। इधर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर बाघ के पगमार्क की पहचान में जुटी है और क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। जंगल और आबादी की सरहद पर यह घटना एक बार फिर इंसान और वन्यजीव के टकराव की गंभीर हकीकत को सामने ला रही है।

See also  Bihar news : राष्ट्रपति से शहर गया जी बाहरी टोटो चालक अपने जिले में भेजने की मांग 
Advertisement Advertisement Advertisement