,

Bihar news : दो साल से फरार हत्या का आरोपी उत्तराखंड से गिरफ्तार, एसआई लवकांत शर्मा की टीम ने दबोचा

Posted by

–

 

यस बिहार | बेतिया

दो साल से फरार चल रहे हत्या के आरोपी को मझौलिया पुलिस ने उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया। दरोगा लवकांत शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड के परोला थाना क्षेत्र के गुंजियार गांव से 30 वर्षीय राजन पंडित को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी उत्तराखंड में रहकर मजदूरी कर रहा था। बताया जाता है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 में गोपालपुर थाना में हत्या का मामला दर्ज है। आरोप है कि उसने अपने ही पिता रामा पंडित की कुदाल से मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में आरोपी करीब आठ माह जेल में भी रह चुका है। मिली जानकारी के अनुसार इससे पहले भी आरोपी ने अपने पिता को पानी और दूध में जहर मिलाकर देने का प्रयास किया था, लेकिन पिता को इसकी जानकारी हो जाने के कारण उसकी साजिश सफल नहीं हो सकी।

See also  Bihar news : पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में विधानसभा पोर्टिको में कांग्रेस का प्रदर्शन, अभिषेक रंजन की टी-शर्ट बनी सियासी संदेश का प्रतीक

बताया जाता है कि जमीन को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद चल रहा था। पिता ने बेटे के व्यवहार से नाराज होकर जमीन अपनी पत्नी कलावती देवी के नाम कर दी थी। इसके बाद परिवार में विवाद और बढ़ गया। आरोपी की मां ने भी दो कट्ठा जमीन गांव के राम बहादुर सिंह और उमाकांत सिंह के नाम कर दी थी और उससे मिले पैसे से दूसरी जगह जमीन खरीद ली थी।

आरोप है कि इसी विवाद और कुछ लोगों के बहकावे में आकर आरोपी राम बहादुर सिंह और उमाकांत सिंह को हथियार लेकर जान से मारने पहुंचा था। हालांकि मौके पर राम बहादुर सिंह की पत्नी इंदू देवी (40) मिल गईं, जिन्हें आरोपी ने गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

See also  Bihar news : इनरवा पंचायत में नल-जल योजना की खुली पोल, 60 घरों तक नहीं पहुंचा पानी, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में लवकांत शर्मा की सक्रियता चर्चा में

मझौलिया मे तैनात दरोगा लवकांत शर्मा के द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार की जा रही कार्रवाई पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बनी हुई है। इससे पहले भी करीब पांच वर्ष पुराने एक हत्या के मामले में फरार आरोपी को उनकी टीम ने पंजाब के जालंधर जिले के नकोदर थाना क्षेत्र के शंकर गांव से गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

पुलिस के अनुसार मझौलिया थाना क्षेत्र के रुलही गांव निवासी आरोपी दिलीप कुमार पर अपने पिता श्याम चंद्र शाह के साथ जमीन विवाद में मारपीट करने का आरोप था। आरोप है कि उसने पिता के पेट में रॉड घोंपकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी जालंधर के नकोदर थाना क्षेत्र के शंकर गांव से की थी।

See also  Bihar news : चनपटिया में आवारा सांडों का आतंक, विधायक अभिषेक रंजन ने डीएम से की त्वरित कार्रवाई की मांग

लगातार अलग-अलग राज्यों में छिपे फरार आरोपियों तक पहुंचकर गिरफ्तारी करने की कार्रवाई से मझौलिया पुलिस की सक्रियता सामने आ रही है। दरोगा लवकांत शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है, जो क्षेत्र मे चर्चा का विषय बना हुआ है।

Advertisement Advertisement Advertisement