इनरवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चिमनी के पास छुपाकर रखा 52 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

Posted by

 

मैनाटाड़। 

इनरवा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना क्षेत्र के एक चिमनी के पास छुपाकर रखा गया लाखों रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि गांजा तस्करी के मुख्य लाइनर की पहचान कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इनरवा थानाध्यक्ष लवकांत शर्मा ने बताया कि शुक्रवार की रात गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से भारी मात्रा में गांजा लाकर उसे थाना क्षेत्र के एक चिमनी के पास पुआल के कटे हुए लेदी (ढेर) में छुपाकर रखा गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई।छापेमारी के दौरान घंटों की सघन खोजबीन के बाद पुआल के ढेर से चार बोरे बरामद किए गए। जब इन बोरों को खोला गया तो उनमें गांजा पाया गया। बरामद गांजा का कुल वजन 52 किलोग्राम आंका गया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 20 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है। मौके से पुलिस ने नेपाल के परसा जिले के गढ़ैया निवासी किशोरी मंडल तथा इनरवा थाना क्षेत्र के खम्हियां गांव के एक नाबालिग लड़के को गिरफ्तार किया है। वहीं इस गांजा तस्करी को अंजाम तक पहुंचाने वाले लाइनर खम्हियां निवासी कमलेश कुशवाहा की पहचान कर ली गई है। थानाध्यक्ष लवकांत शर्मा ने बताया कि इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत किशोरी मंडल, नाबालिग लड़के और फरार लाइनर कमलेश कुशवाहा के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी किशोरी मंडल को न्यायिक हिरासत में बेतिया जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को विधि विरुद्ध बालक घोषित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। फरार लाइनर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से सीमावर्ती इलाके में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है। इनरवा पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर पूरी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी हाल में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

See also  Bihar news : बेतिया में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई
Advertisement Advertisement Advertisement