
यस बिहार | बेतिया
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री स्व. पूर्णमासी राम के असामयिक निधन पर पश्चिम चम्पारण जिले में शोक की लहर व्याप्त है। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत नेता को नमन किया। इस दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उप विकास आयुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. पूर्णमासी राम एक कर्मठ, जनसेवी एवं सरल व्यक्तित्व के नेता थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा राजकीय सम्मान के तहत सलामी दी गई तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। जिला प्रशासन ने इस दुःख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।


