
यस बिहार | मैनाटाड़
पड़ोसी देश नेपाल में पांच मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा सदस्य निर्वाचन–2082 से पहले भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गयी है। इससे मैनाटाड़ प्रखंड अंतर्गत सीमावर्ती इलाका इनरवा,भंगहा, पुरूषोत्तमपुर,धुमाटाड़, मानपुर आदि जगहों की रफ्तार थम सी गयी है। दो मार्च के मध्य रात्रि से सीमा को पूरी तरह सील कर दिया जायेगा। इस दौरान वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी और सामान्य वाहन परिचालन पूर्णतः बंद रहेगा। इंडो नेपाल बार्डर पर तैनात 44 वीं और 47 वीं सीमा सशस्त्र बल बटालियन के अधिकारी और जवानों ने केवल मुख्य चेकपोस्टों पर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों की पगडंडियों, खेतों के रास्तों और नदी किनारे के अनौपचारिक मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी है। किसी भी तरह की अवैध आवाजाही या चुनावी माहौल बिगाड़ने की कोशिश को सख्ती से रोके जाने की तैयारी है।इनरवा में तैनात एसएसबी के इंस्पेक्टर उत्तम सिंह ने बताया कि नेपाल में चुनाव को लेकर वरीय अधिकारियों के निर्देश का अक्षरशः पालन किया जायेगा। नेपाल से सटे इलाकों में गश्त तेज कर दी गयी है।हाईवे सड़क पर से नेपाल की तरफ जाने वाली रस्तों पर विशेष नजर है। जवानों की अतिरिक्त टीम बनाकर गश्त को और तेज कर दिया गया है।रात में नाइट विजन से ड्यूटी से की जा रही है।सीमा सील के मामले में अधिकारियों के निर्देश का पूरा पालन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस से भी समन्वय बनाकर सीमा पर गश्त की जा रही है।उधर पड़ोसी देश नेपाल में संसदीय चुनाव को लेकर मैनाटाड़ प्रखंड अंतर्गत सीमाई गांवों में भी चर्चा जोरों पर है। नेपाल से बेटी रोटी के संबंध और व्यापारिक रिश्तों को लेकर भारतीय क्षेत्र के लोग नेपाल के चुनाव पर विशेष सजग है।





