Bihar news : भोजपुर पुलिस की बड़ी सफलता, साइबर ठगी गिरोह का सदस्य गिरफ्तार; मोबाइल, सिम और एटीएम कार्ड बरामद

Posted by

–

यस बिहार | आरा

भोजपुर पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। म्यूल बैंक अकाउंट के जरिए साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने 02 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड और 05 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार 05 फरवरी 2026 को आरा नगर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग म्यूल बैंक अकाउंट खुलवाकर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के सत्यापन के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनके मोबाइल फोन की जांच में साइबर ठगी से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। इसके बाद दोनों को आगे की पूछताछ के लिए भोजपुर साइबर थाना लाया गया।

See also  Bihar news: बाल मेला व स्पोर्ट्स मीट का आयोजन, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

पूछताछ में गिरफ्तार युवकों की पहचान रोहित कुमार (पिता- भोला साह, निवासी- बिबिगंज, थाना उदवंतनगर) और मोहित कुमार (पिता- राजेश कुमार सिंह, निवासी- मसाढ़, थाना उदवंतनगर) के रूप में हुई। दोनों ने पूछताछ में बताया कि उनकी मुलाकात अभिषेक कुमार (निवासी बिबिगंज) के माध्यम से सूरज सिंह राजपूत (निवासी ज्ञानपुर सेमरिया, थाना बड़हरा) से हुई थी।

आरोपियों ने खुलासा किया कि सूरज सिंह राजपूत द्वारा बालू घाट में लेन-देन के नाम पर बैंक अकाउंट की जरूरत बताई जाती थी और प्रत्येक बैंक अकाउंट के बदले तीन हजार रुपये देने की बात कही जाती थी। इसके बाद रोहित और मोहित अलग-अलग लोगों के नाम पर म्यूल बैंक अकाउंट खुलवाते थे और पासबुक व एटीएम कार्ड सूरज को सौंप देते थे। इसके बदले उन्हें कमीशन मिलता था, जिसमें से कुछ पैसे अकाउंट धारकों को दिए जाते थे और शेष राशि वे अपने पास रख लेते थे।

See also  Bihar news : इनरवा में सड़क किनारे दोन नहर पर किए गए अतिक्रमण पर कार्रवाई, सीओ ने हटवाया

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बैंक कर्मी सुमन सौरभ चौहान (निवासी देवरिया, थाना कोइलवर) भी इस नेटवर्क में शामिल था। वह बैंक अकाउंट खुलवाने और फ्रीज किए गए अकाउंट को अनफ्रीज कराने में मदद करता था तथा इसके बदले कमीशन लेता था। पुलिस के अनुसार इन बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम मंगाने के लिए किया जाता था।

See also  Bihar news: सिकटा बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई 34.5 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।

इस मामले में भोजपुर साइबर थाना में कांड संख्या 11/26, दिनांक 05.02.2026 के तहत धारा 318(4)/319(2) बीएनएस तथा 66(C)/66(D) आईटी एक्ट 2000 के तहत मामला दर्ज कर पहले दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

इसी कांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने सूरज कुमार (पिता- अर्जुन सिंह, निवासी- ज्ञानपुर, जिला भोजपुर) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Advertisement Advertisement Advertisement