,

Bihar News : गन्ना लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को कुचला, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Posted by

अजमेर आलम | गौनाहा 

बेतिया में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बेतिया पुलिस जिला के मटियरीया थाना क्षेत्र के मेहनौल चौक के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रामनगर के शिवपुर कॉलोनी निवासी जगो बारिकदार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अपनी बाइक से गुजर रहे थे, तभी गन्ना लदा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर उनकी बाइक पर चढ़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद कुछ पल के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन युवक को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही मटियरीया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, जैसे ही यह दुखद समाचार शिवपुर कॉलोनी पहुंचा, पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक परिवार के जिम्मेदार सदस्य थे। उनकी असमय मौत से घर की आर्थिक और सामाजिक जिम्मेदारियां अब संकट में पड़ गई हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड गन्ना ट्रैक्टरों और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती बरती जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया, तो ऐसे हादसे यूं ही जिंदगियां लीलते रहेंगे। यह घटना एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किस तरह किसी परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ सकती है।

See also  वंदे मातरम् गीत के 150 वीं वर्षगांठ मनायी गयी , छात्र छात्राओं के बीच कार्यक्रम का हुआ आयोजन
Advertisement Advertisement

Categories