,

Bihar news : बेतिया में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई

Posted by

यस बिहार | बेतिया

पश्चिम चम्पारण जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में डोमेस्टिक गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में जिले की 81 गैस एजेंसियों के संचालकों और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के फील्ड ऑफिसरों के साथ स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी भी मौजूद रहे। एजेंसी संचालकों और कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य है और नियमित रूप से सप्लाई जारी है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि कुछ समाचार पत्रों में गैस की किल्लत से जुड़ी खबरें प्रकाशित होने के बाद लोगों में अफवाह फैल रही है। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने स्तर से लोगों को जागरूक करें कि गैस की कोई कमी नहीं है, ताकि लोग अनावश्यक रूप से एजेंसियों के बाहर लाइन न लगाएं।उन्होंने यह भी बताया कि सरकारी नियमों के अनुसार शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही नए गैस सिलेंडर के लिए बुकिंग कराई जा सकती है।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को हेल्पलाइन नंबर जारी कर एजेंसी परिसर में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि उपभोक्ता किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे संपर्क कर सकें। साथ ही अनुमंडल स्तर पर 24×7 हेल्पलाइन नंबर को सक्रिय रखने और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया गया।

See also  किसानों को फोन घुमा रहे हैं शिक्षक,28 शिक्षकों की हुई प्रतिनियुक्ति

एजेंसी संचालकों ने बैठक में अपने-अपने गैस स्टॉक की जानकारी देते हुए बताया कि सप्लाई में कोई कमी नहीं है, बल्कि इन दिनों मांग बढ़ने के कारण दबाव अधिक है। कुछ संचालकों ने विधि-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की ओर भी प्रशासन का ध्यान दिलाया।

See also  Bihar news : इंडो-नेपाल सीमा पर तस्करी की कोशिश नाकाम, एसएसबी की सतर्कता से 380 पैकेट नेपाली सिगरेट जब्त

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित दर पर ही सिलेंडर की बिक्री सुनिश्चित की जाए और डोमेस्टिक गैस को कमर्शियल उपयोग में बदलने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि उपभोक्ता गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए 06254-247002 और 06254-247003 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

See also  Bihar news : नरकटियागंज में अवैध टैक्स वसूली पर फूटा गुस्सा, ट्रक-ट्रैक्टर चालकों ने किया जोरदार प्रदर्शन

बैठक में अपर समाहर्ता अनिल कुमार सिन्हा, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, एसडीएम बेतिया सदर विकास कुमार और जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी राकेश कुमार सहित सभी गैस एजेंसी संचालक और ऑयल मार्केटिंग कंपनी के फील्ड ऑफिसर उपस्थित रहे। वहीं नरकटियागंज और बगहा अनुमंडल के अधिकारी और एजेंसी संचालक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

Advertisement Advertisement Advertisement