
यस बिहार | मैनाटाड़
ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और संभावित युद्ध की खबरों के बीच गुरुवार को मैनाटांड़ प्रखंड क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल को लेकर लोगों में चिंता का माहौल देखने को मिला। सीमावर्ती क्षेत्र इनरवा बाजार सहित मैनाटांड़ और आसपास के कई पेट्रोल पंपों पर वाहन मालिकों की अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे कई जगहों पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।पेट्रोल पंपों पर पहुंचे वाहन चालकों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान-इजरायल के बीच चल रहे तनाव की खबरों के कारण तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और आपूर्ति प्रभावित होने की चर्चा फैल रही है। इसी आशंका को देखते हुए लोग एहतियात के तौर पर अपने वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं। कई लोग आगे के दिनों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त तेल भी स्टोर कर रहे हैं।हालांकि पेट्रोल पंप संचालकों ने तेल की कमी की बात से साफ इनकार किया है। इनरवा बाजार के पेट्रोल पंप संचालक रंजू कुमारी और अफरोज आलम ने बताया कि तेल की आपूर्ति फिलहाल सामान्य रूप से हो रही है। उन्होंने कहा कि अचानक मांग बढ़ जाने के कारण कुछ समय के लिए भीड़ और लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन तेल खत्म होने जैसी कोई स्थिति नहीं है। उधर स्थानीय प्रशासन ने भी लोगों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति नियमित है तथा घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करें और अफवाह फैलाने से बचें।





