Bihar news : प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक को चाकू गोदा , इलाज के दौरान मौत

Posted by

–

आकाश कुमार शर्मा | नौतन 

बेतिया से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। प्रेम प्रसंग से जुड़े आपसी विवाद में एक 18 वर्षीय युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पप्पू कुमार उर्फ पप्पु शाह, पिता छोटेलाल शाह, निवासी खड्डा बंगला टोला, वार्ड संख्या-1, थाना नौतन के रूप में की गई है।यह वारदात न सिर्फ एक परिवार की खुशियां उजाड़ गई, बल्कि पूरे इलाके को शोक और आक्रोश में डुबो गई।युवक का शव जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हरदिया मन, हरदिया कोठी फार्म इलाके में मिला, जो उसके घर से करीब पांच किलोमीटर दूर है।परिजनों के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब दो बजे पप्पू कुमार अपने ग्रामीण सुजीत साह के साथ बाइक से घर से निकला था। वह कुछ दिन पहले ही नेपाल के काठमांडू से लौटा था, जहां वह मेहंदी लगाने का काम करता था। घटना के समय उसके पिता मछली मारने के लिए बाहर गए हुए थे। करीब एक घंटे बाद पप्पू के मोबाइल से उसकी छोटी बहन भोलू कुमारी के नंबर पर कॉल आया। फोन हरदिया फार्म की सरहद पर घास काट रही महिलाओं ने किया। महिलाओं ने बताया कि जिस युवक का मोबाइल है, उसे चाकू मार दिया गया है और उसी ने आखिरी ताकत जुटाकर घर फोन करने को कहा था।सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे, तो पप्पू की हालत बेहद नाजुक थी।पुलिस के अनुसार, 28 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 1 बजे जगदीशपुर थानाध्यक्ष सौरव कुमार शर्मा को घटना की सूचना मिली। घायल युवक को तुरंत 112 वाहन के माध्यम से जीएमसीएच बेतिया ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 रजनीकांत प्रियदर्शी द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पटीदारों के नवयुवकों के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते पप्पू को बहाने से हरदिया मन इलाके में बुलाया गया और वहां उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। हमले के बाद आरोपी युवक की मोटरसाइकिल भी गायब कर दी गई,ताकि सबूत मिटाए जा सकें।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। साथ ही मृतक की गायब की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। एक मामूली विवाद और गुस्से की चिंगारी ने एक हंसते-खेलते युवक की जान ले ली। पप्पू कुमार की मौत ने उसके माता-पिता से बेटा, बहन से भाई और गांव से एक युवा छीन लिया। यह घटना एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर प्रेम, शक और गुस्से की आग में कब तक यूं ही जिंदगियां बुझती रहेंगी।

See also  Bihar news : ओमान की खाड़ी में हमले में बेतिया के कैप्टन आशीष कुमार की मौत, पांच साल का बेटा अब भी कर रहा पिता का इंतजार
Advertisement Advertisement Advertisement