Bihar news : गया को जाममुक्त और सुव्यवस्थित बनाने को विधानसभा अध्यक्ष सख्त, अतिक्रमण हटाने व पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश

Posted by

–

यस बिहार | गया 

समीक्षा बैठक में जाम, पेयजल, पार्किंग और वेंडिंग जोन पर फोकस, बिजली विभाग के कार्यों की सराहना

गया शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की प्रमुख समस्याओं—जाम, पेयजल संकट, पार्किंग व्यवस्था और वेंडिंग जोन—पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अध्यक्ष ने केपी रोड और गया मार्केट में अतिक्रमण पर नाराजगी जताते हुए सिटी मैनेजर को नियमित भ्रमण कर अतिक्रमण हटाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल और स्वच्छता प्रभारियों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

See also  Bihar news : बिना प्राक्कलन बोर्ड के बन रहा 16 करोड़ से अधिक का प्रखंड कार्यालय भवन, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर उठे सवाल

कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शहीद स्मारक के पास अवैध टेंपो स्टैंड से लगने वाले जाम पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही टिकारी रोड, बारी रोड और गोल बीघा से पुलिस लाइन सिकरिया मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण की योजना पर भी जानकारी दी गई।

नगर निगम द्वारा पंचायती अखाड़ा, सिंगरा स्थान और डेल्हा में पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। चिरैयाताड़ समेत अन्य स्थानों पर अवैध वसूली की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बाहरी टोटो चालकों की मनमानी और बदसलूकी पर भी कार्रवाई करने को कहा गया।

गांधी मैदान के पास पार्किंग और वेंडिंग जोन के लिए स्थल निरीक्षण पूरा हो चुका है। अध्यक्ष ने गांधी मैदान में बेसहारा पशुओं के प्रवेश पर रोक और मुख्य द्वार के निर्धारित समय पर संचालन के निर्देश दिए।

See also  गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 75 स्थानों पर सीसीटीवी लगाने की योजना में 50 से अधिक स्थानों पर कार्य पूरा हो चुका है। शेष स्थानों पर काम जारी है।

बिजली विभाग द्वारा लगभग 500 पुराने खंभों में से 250 हटाए जाने पर अध्यक्ष ने संतोष जताया और शेष अनुपयोगी खंभों को जल्द हटाने का निर्देश दिया। दूरसंचार विभाग को भी बेकार खंभे हटाने को कहा गया।

वन विभाग द्वारा सिलाऊंजा पार्क के विकास पर लगभग 12 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही गौतम बुद्ध वाइल्डलाइफ क्षेत्र के विकास के लिए कंसल्टेंट बहाल करने का निर्देश दिया गया।

See also  पुल नहीं तो विकास नहीं, बगहा में टूटी उम्मीदों का सैलाब, सरकार के फैसले के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग

बैठक में चंदौती, आईआईएम, मानपुर, कृषि केंद्र, बोधगया विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय व राज्य मार्गों के किनारे बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण के निर्देश दिए गए। पेयजल आपूर्ति को लेकर नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजे जाने की बात भी सामने आई।

अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सभी अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि “ग्रीन गया, क्लीन गया” अभियान को हर हाल में सफल बनाया जाए।

Advertisement Advertisement Advertisement